बांकीपुर उपचुनाव: नामांकन के तुरंत बाद गिरफ्तार हुईं तेज प्रताप यादव की प्रत्याशी वीणा मानवी, DM ऑफ‍िस में हंगामा
 

 

 

BIhar news: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन के अंतिम दिन सोमवार को समाहरणालय परिसर में हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्‍त‍ि जनता दल (जेजेडी) की प्रत्याशी वीणा मानवी को नामांकन दाखिल करने के तुरंत बाद पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। 

यह कार्रवाई पटना समाहरणालय परिसर में की गई, जहां कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार वीणा मानवी के खिलाफ धोखाधड़ी (धारा 420) के एक मामले में न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी था। इसी वारंट के आधार पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस टीम के पहुंचते ही वीणा मानवी वहां से निकलने का प्रयास करती नजर आईं, लेकिन पुलिस ने कुछ देर की मशक्कत के बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।

गिरफ्तारी के दौरान वीणा मानवी लगातार विरोध करती रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई राजनीतिक दबाव में की गई है। उनका कहना था कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है और हार के डर से भाजपा यह सब करवा रही है। गिरफ्तारी के समय वह रोती रहीं और खुद को छोड़ने की गुहार लगाती रहीं, लेकिन पुलिस उन्हें अपने साथ लेकर चली गई।

पुलिस ने बताया कि न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए वारंट के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

सनद रहे कि अंतिम दिन भाजपा प्रत्‍याशी नीरज कुमार सिन्‍हा एवं जन सुराज पार्टी के उम्‍मीदवार प्रशांत क‍िशोर भी नामांकन करने पहुंचे हैं।