वैशाली में बीच चौक हंगामा: युवती संग भाग रहे युवक की पिटाई, पुलिस ने भीड़ से छुड़ाया

 
Vaishali Crime News: जिले के गोरौल चौक स्थित गंज हाट के पास शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब एक युवती के साथ बाइक से जा रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया। देखते ही देखते सैकड़ों की भीड़ जुट गई और आरोपित युवक की बीच सड़क पर पिटाई शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को भीड़ से बचाकर थाने ले गई।

परिवार को मिली भनक, पीछा कर पकड़ा

बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों को दोनों के भागने की जानकारी मिल गई थी। परिजन पीछा करते हुए गोरौल चौक तक पहुंचे और गंज हाट के पास दोनों को रोक लिया। इसी दौरान कहासुनी बढ़ी और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोग जमा हो गए। माहौल बिगड़ता देख स्थानीय लोगों ने गोरौल थाना को सूचना दी।

दो युवक हिरासत में

सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक राहुल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनों युवकों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाने ले आए। युवकों की पहचान महुआ थाना क्षेत्र के छतवारा गांव निवासी अमित कुमार और राहुल कुमार के रूप में हुई है। बताया जाता है कि अमित का युवती के गांव में रिश्तेदारी के कारण आना-जाना था और उसी दौरान दोनों के बीच संबंध बने। पुलिस के अनुसार, दोनों युवक बेलसर थाना क्षेत्र के एक गांव से युवती को शादी के इरादे से ले जा रहे थे।

युवती परिजनों के साथ, आगे की कार्रवाई जारी

थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और उनके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद कुछ देर तक गोरौल चौक पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस की तत्परता से काबू में कर लिया गया।

रिपोटर: अभिषेक कुमार वैशाली