प्रतिमा विसर्जन में बड़ा हादसा: पंचाने नदी की तेज धार में बहे तीन किशोर, तलाश में जुटी SDRF

 

Nalanda: नालंदा जिले से शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। मां काली की प्रतिमा विसर्जन के दौरान तीन किशोर पंचाने नदी की तेज धार में बह गए। घंटों बीत जाने के बाद भी तीनों का कोई सुराग नहीं लग सका है।

घटना दीपनगर थाना क्षेत्र के हथियाखाड़ के पास की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक प्रतिमा विसर्जन से पहले कुछ बच्चे नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पानी के तेज बहाव में चार बच्चे बहने लगे। हालांकि इनमें से एक बच्चा किसी तरह किनारे आ गया, लेकिन बाकी तीन गहरे पानी में समा गए।

लापता किशोरों की पहचान मंदीप, सागर और मोहित (सभी निवासी – झींगनगर मोहल्ला, बिहार थाना क्षेत्र) के रूप में हुई है।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। पूजा समिति के लोग आरती में व्यस्त थे और इसी दौरान बच्चे नहाने चले गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा अचानक इतनी तेजी से हुआ कि कोई उन्हें बचा नहीं पाया।

फिलहाल मौके पर एसडीआरएफ की टीम और स्थानीय गोताखोर बच्चों की तलाश में जुटे हुए हैं। दीपनगर थानाध्यक्ष राजमणि ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रतिमा विसर्जन के लिए कोसुक में निर्धारित स्थल तय किया गया था, लेकिन झींगनगर पूजा समिति ने हथियाखाड़ के पास विसर्जन किया, जहां यह हादसा हो गया। पुलिस-प्रशासन लगातार राहत और बचाव कार्य में लगा हुआ है।

रिपोर्ट – मो. महमूद आलम, नालंदा