कटिहार पुलिस की बड़ी कार्रवाई! 25 हजार का इनामी अपराधी अंकित चौहान हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार
पुलिस अधीक्षक शिखर चौधरी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के डाइवर टोला स्थित संतोषी चौक के पास एक स्कॉर्पियो वाहन में सवार कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और तकनीकी टीम ने संयुक्त रूप से इलाके में छापेमारी शुरू कर दी।
पुलिस की दबिश देखते ही वाहन में मौजूद अपराधी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर अंकित चौहान को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, 31 जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन और एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी चर्चित धीरज साह हत्याकांड में वांछित था और उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस रिकॉर्ड में उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और अवैध हथियार रखने समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। साथ ही उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य अपराधियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।