BIG BREAKING: पूर्णिया–सुपौल में पनोरमा ग्रुप पर आयकर विभाग की बड़ी रेड, CMD संजीव मिश्रा से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी

 
Bihar news: पूर्णिया और सुपौल में मंगलवार सुबह आयकर विभाग (IT) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पनोरमा ग्रुप से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। यह रेड पनोरमा ग्रुप के CMD संजीव मिश्रा से जुड़े संस्थानों और परिसरों में की जा रही है। कार्रवाई की खबर मिलते ही इलाके में हलचल तेज हो गई।

जानकारी के अनुसार, सुपौल जिले के छातापुर स्थित पनोरमा पब्लिक स्कूल और पनोरमा हॉस्पिटल में आयकर विभाग की टीम ने एक साथ पहुंचकर जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि करीब दर्जन भर गाड़ियों से अधिकारी पहुंचे और परिसर को घेरकर दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। टीम में आयकर विभाग के लगभग दो दर्जन अधिकारी शामिल बताए जा रहे हैं।

सुबह-सुबह कार्रवाई से मचा हड़कंप

सुबह अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। छापेमारी के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मीडिया को भी जांच स्थल से दूर रखा गया है। अधिकारी बिना आधिकारिक बयान दिए गोपनीय तरीके से जांच में जुटे हुए हैं।

मौके पर स्कूल और अस्पताल से जुड़े कागजात, फाइलें और अन्य वित्तीय दस्तावेज खंगाले जा रहे हैं। छापेमारी कई घंटों से जारी है और देर शाम तक चलने की संभावना जताई जा रही है।

शिक्षा और कारोबार से जुड़ा बड़ा नाम

स्थानीय स्तर पर संजीव मिश्रा को बड़े कारोबारी और शिक्षा क्षेत्र से जुड़े प्रमुख नाम के रूप में जाना जाता है। पनोरमा ग्रुप के तहत कई शिक्षण संस्थान और अन्य प्रतिष्ठान संचालित होने की बात कही जाती है। हालांकि आयकर विभाग की यह कार्रवाई किस मामले में हो रही है और जांच का दायरा क्या है, इस पर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

पूर्णिया में भी समानांतर कार्रवाई की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक पूर्णिया में भी पनोरमा ग्रुप से जुड़े कुछ अन्य ठिकानों पर समानांतर छापेमारी की बात सामने आ रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने भी इस पर खुलकर कुछ नहीं कहा है।

फिलहाल आयकर विभाग की टीम जांच में जुटी है और कार्रवाई पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो पाएगी। यह रेड पूरे इलाके में चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है।