Bihar news: आरा शिक्षक अपहरण केस में CBI का बड़ा एक्शन, महिला दारोगा अंजली कुमारी गिरफ्तार

 

Bihar news: आरा में प्राइवेट शिक्षक के अपहरण मामले में सीबीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। भोजपुर जिले के बड़हरा प्रखंड स्थित कोल्हरामपुर गांव निवासी शिक्षक कमलेश राय के अपहरण की जांच करते हुए सीबीआई ने एक महिला दारोगा अंजली कुमारी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी लखीसराय जिले से की गई है।

सीबीआई के अनुसार, गिरफ्तार महिला दारोगा 2019 बैच की है और वर्तमान में लखीसराय के टाउन थाना में पदस्थापित थी। वह मूल रूप से आरा के नवादा थाना क्षेत्र के अनाइठ मोहल्ला की रहने वाली है। इस कार्रवाई की पुष्टि सीबीआई बिहार-झारखंड के संयुक्त निदेशक राजीव रंजन ने बुधवार को की।

इससे पहले, 19 जनवरी को सीबीआई ने इसी मामले में बक्सर जिले के रहने वाले संदिग्ध आरोपी रूपेश कुमार चौबे को पटना से गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि यह मामला त्रिकोणीय प्रेम-प्रसंग से जुड़ा हो सकता है। आशंका जताई जा रही है कि इसी विवाद में शिक्षक कमलेश राय का अपहरण किया गया और उनकी हत्या भी की जा सकती है।

सीबीआई इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को जोड़कर सच तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की पूछताछ के बाद मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।

रिपोर्टर: आकाश कुमार, आरा