Bihar News: ससुराल आए दामाद की संदिग्ध मौत से सनसनी, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप

 
Bihar news: वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र में ससुराल आए एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना गुरमिया गांव के पूर्वारी टोला की है, जहां मृतक की पहचान राजापाकर थाना क्षेत्र के बाकरपुर गांव निवासी मिथलेश पासवान के रूप में हुई है। वह गुरमिया निवासी सत्यनारायण पासवान का दामाद बताया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही करताहा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।

मृतक की मां ने अपने बेटे की हत्या का आरोप ससुराल पक्ष पर लगाया है। उनका कहना है कि मिथलेश पूरी तरह स्वस्थ था और उसकी मौत सामान्य नहीं हो सकती। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसे जहर देकर मारा गया है।

हालांकि पुलिस की शुरुआती जांच में मृतक के शरीर पर किसी तरह के बाहरी चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया गया है। अब पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के असली कारणों का खुलासा हो सके।

मामले को लेकर लालगंज-02 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने बताया कि मिथलेश अपनी पत्नी और बच्चों के साथ बेंगलुरु में रहता था। पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था और दोनों के संबंध सामान्य नहीं थे। कुछ दिन पहले उसकी पत्नी अचानक बेंगलुरु से अपने मायके गुरमिया लौट आई थी।

पत्नी के मायके आने के बाद मिथलेश उसे खोजते हुए ससुराल पहुंचा था। इसी दौरान उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं, जबकि दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है। वैज्ञानिक जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मिथलेश की मौत एक रहस्य बनी हुई है, जिसका खुलासा जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।