Bihar News: महिला साथी के सहारे टेंपो लूट, फिर उसी गाड़ी से चलता था शराब का कारोबार- वैशाली पुलिस ने किया गैंग का पर्दाफाश

 

Bihar crime news: वैशाली जिले की बिदूपुर थाना पुलिस ने CNG टेंपो लूट कांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया, जबकि लूटी गई टेंपो पहले से ही शराब के साथ महुआ थाना द्वारा जब्त की जा चुकी है।

13 जुलाई को हुई थी वारदात

घटना 13 जुलाई 2025 को पानापुर धर्मपुर में हुई थी, जहां एक टेंपो चालक के साथ लूटपाट की गई। इस मामले में बिदूपुर थाना में कांड संख्या 493/25 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना को गंभीरता से लेते हुए सदर-1 हाजीपुर के SDPO सुबोध कुमार के नेतृत्व में बिदूपुर थाना पुलिस व जिला आसूचना इकाई की विशेष टीम बनाई गई। टीम ने तकनीकी जानकारी, मानवीय सूचना और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी के ठिकानों का पता लगाया।

गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी, घर से बरामद हुआ मोबाइल

जांच में सामने आए मुख्य आरोपी विशाल कुमार को पुलिस ने कंचनपुर गांव स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि लूट के बाद टेंपो का इस्तेमाल शराब ढोने में किया जाता था। यही टेंपो महुआ थाना द्वारा शराब के साथ पकड़ी गई थी। इसके अलावा उसने एक और चोरी की CNG टेंपो को अपने घर पर छिपाकर रखने की बात स्वीकार की, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।

लूट में महिला की बड़ी भूमिका

पूछताछ में आरोपी ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी बताए, जिनमें एक महिला शामिल है। गैंग की कार्यशैली बेहद शातिर थी—
    •    महिला पहले CNG टेंपो में सवार होकर भाड़ा तय करती,
    •    सुनसान इलाके में पहुंचने के बाद उसके साथी टेंपो को लूट लेते,
    •    फिर उसी टेंपो का इस्तेमाल अवैध शराब ढोने के लिए किया जाता।

अन्य आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गैंग का नेटवर्क बड़ा हो सकता है और पूछताछ में और भी खुलासे होने की संभावना है।

वैशाली पुलिस ने इस ऑपरेशन को एक बड़ी सफलता बताया है, जो जिले में हो रहे अवैध शराब तस्करी और टेंपो लूट की वारदातों पर बड़ा असर डालेगा।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार