Bihar News: वैशाली में दर्दनाक हादसा, शौच करने गए 15 वर्षीय किशोर की पोखर में डूबकर मौत

 

Vaishali news: वैशाली जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के भगवानपुर पकड़ी गांव में गुरुवार की सुबह एक हृदयविदारक हादसा हो गया। घर के पीछे शौच करने गए 15 वर्षीय रंजीत उर्फ अविनाश कुमार की पोखर में डूबने से मौत हो गई। मृतक भगवानपुर पकड़ी निवासी शत्रुध्न साह का बेटा था और आठवीं कक्षा का छात्र था।

पैर फिसलने से पोखर में गिरा किशोर

स्थानीय लोगों के अनुसार, रंजीत रोज की तरह सुबह शौच के लिए घर के पीछे गया था। शौच के बाद वह पास में स्थित छोटे पोखर के किनारे पानी छूने पहुंचा। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा।
तंबाकू के खेतों में काम कर रहे मजदूरों ने जब काफी देर तक रंजीत को नहीं देखा, तो शक होने पर वे पोखर के पास पहुंचे। वहां पानी में हलचल देख शोर मचाया, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

ग्रामीणों की मदद से किशोर को पोखर से बाहर निकाला गया और तुरंत लालगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ पड़ी।

पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम के लिए

सूचना के बाद लालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
अवर निरीक्षक गुलाम सर्वर ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी है।

परिवार में कोहराम, बड़ा बेटा था रंजीत

मृतक रंजीत उर्फ अविनाश दो भाइयों में बड़ा था। परिवार के लोगों ने बताया कि वह रोज की तरह अपनी दिनचर्या निभा रहा था और कुछ ही देर में घर लौट आता था। लेकिन आज की सुबह पूरे परिवार के लिए त्रासदी बन गई। परिजन रो-रोकर बेहाल हैं और गांव में गम का माहौल है।

यह दुखद घटना ग्रामीण इलाकों में खुले में शौच और पानी भरे खतरनाक पोखरों के आसपास सुरक्षा उपायों की जरूरत को फिर से उजागर करती है।

रिपोर्टर: अभिषेक कुमार, वैशाली