पेड़ से टकराया बिहार पुलिस का गश्ती वाहन, ड्राइवर की मौत, दारोगा समेत 3 जख्मी

 

Bihar news: बिहार के शिवहर में बिहार पुलिस का गश्ती वाहन हादसे का शिकार हो गया. जीप पेड़ से टकरा गई जिसमें ड्राइवर रामजी राय (45 वर्ष) की मौत हो गई. वहीं दारोगा अशोक सिंह समेत दो पुलिसकर्मी गंभीर रूप से जख्मी हो गए. इनमें दारोगा अशोक सिंह की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है. उन्हें बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच मुजफ्फरपुर रेफर किया गया है.

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को इलाज के लिए पिपराही पीएचसी में भर्ती कराया है. जहां से सभी को सरोजा सीताराम सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने चालक रामजी राय को मृत घोषित कर दिया, जबकि दारोगा सहित तीन पुलिसकर्मियों का इलाज जारी है. वहीं दारोगा को रेफर करने की तैयारी चल रही है.

बता दें कि हादसा तब हुआ जब पिपराही थाने में तैनात अवर निरीक्षक अशोक सिंह तथा तीन पुलिसकर्मियों के साथ गश्ती पर निकले थे. सिंगरहिया गांव के पास सामने से आ रहे एक व्यक्ति को बचाने के क्रम में पुलिस वाहन पास स्थित पेड़ से टकरा गई. इस हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया. वहीं चालक व दारोगा सहित चार लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए. जबकि एक महिला सिपाही बाल-बाल बच गई.

शिवहर के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस का पेट्रोलिंग वाहन किसी को बचाने के चक्कर में पेड़ से टकरा गया है. हादसे में चौकीदार की मौत हो गई है जबकि दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मी जख्मी हैं जिनका इलाज कराया जा रहा है. जबकि मृतक चौकीदार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.

एसआई अशोक कुमार (56 वर्ष) ने बताया की हमें कुछ भी पता नहीं चला कि हादसा कैसे हुआ. बेलवा गस्ती करके आ रहे थे, सिंगाही के आगे हम लोगों की गाड़ी पेड़ से टकरा गई. वाहन में चार पुलिसकर्मी गाड़ी में थे, एक रामजी राय की मौत हो गयी, हमलोग घायल हो गये हैं. वहीं मृतक के परिजनों ने बताया कि वह पिपराही थाने में चौकीदार के पद पर थाने में तैनात थे लेकिन ड्राइवर के अभाव में वह थाने के गश्ती वाहन को चलाते थे. 

इधर, घटना के बाद मृतक के स्वजनों में कोहराम मच गया है. घटना की सूचना मिलते ही रामजी राय के पुत्र दीपक कुमार सहित परिजन और ग्रामीण सदर अस्पताल पहुंच गए. मृतक चौकीदार का बेटा दीपक ने बताया कि सुबह में पिता जी ड्यूटी पर थाना की गाड़ी को लेकर गए थे. पापा चौकीदार हैं लेकिन गाड़ी चलाते हैं और ड्राइवर का काम भी थाना से कराया जाता है. पिपराही के सिंगाही गांव में यह घटना हुआ है.