पटना में बाइक चोर गिरोह का कहर: पत्रकार की बाइक अस्पताल परिसर से गायब, CCTV में कैद हुई वारदात
पटना सिटी: राजधानी पटना में बाइक चोरों का गिरोह लगातार सक्रिय है और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। शहर के अलग-अलग इलाकों में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की नींद उड़ा दी है। ताज़ा मामला एनएमसीएच अस्पताल परिसर का है, जहां पत्रकार मोहम्मद फैज़ की बाइक चोरों ने मिनटों में पार कर दी।
अस्पताल गेट से चोरी, CCTV में कैद पूरी वारदात
जानकारी के मुताबिक, पत्रकार की पैशन बाइक इमरजेंसी गेट के बाहर खड़ी थी। तभी एक शातिर चोर मौके पर पहुंचा और बेहद आराम से हैंडल लॉक खोलकर बाइक लेकर फरार हो गया। खास बात यह है कि पूरी घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में साफ़-साफ़ कैद हो गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी एनएमसीएच परिसर से कई बाइक चोरी हो चुकी हैं। इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन और पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम न उठाए जाने से लोगों में नाराज़गी है।
शहरभर में बढ़ रही घटनाएँ, पुलिस पर सवाल
पटना के अन्य इलाकों से भी लगातार बाइक चोरी की घटनाएँ सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि बाइक चोर गिरोह निडर होकर वारदातों को अंजाम दे रहा है, जबकि पुलिस केवल औपचारिक कार्रवाई कर रही है। अब देखना होगा कि राजधानी पुलिस इस गिरोह पर कब तक लगाम कस पाती है और पीड़ितों को राहत मिलती है।
रिपोर्टर: मुकेश कुमार