गंगा में दर्दनाक हादसा: उमानाथ घाट पर नाव पलटी, 2 की मौत; कई लोग अब भी लापता

 
Patna News: पटना जिले के बाढ़ स्थित उमानाथ गंगा घाट पर बुधवार को बड़ा नाव हादसा हो गया। गंगा नदी में अचानक नाव पलटने से करीब 14 से 15 लोगों के डूबने की आशंका जताई जा रही है। हादसे में अब तक एक महिला और एक युवक की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और मातम का माहौल है।

जानकारी के अनुसार सभी लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर गंगा के दियारा इलाके में सब्जी तोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान दियारा पहुंचने से पहले अचानक तेज हवा चलने लगी, जिससे नाव असंतुलित होकर पलट गई। देखते ही देखते नाव पर सवार लोग गंगा की तेज धारा में बहने लगे।

घटना के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और आसपास मौजूद नाव चालकों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और नदी में कूदकर लोगों को बचाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों की मदद से 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

वहीं एक महिला और एक युवक का शव बरामद किया गया है। बताया जा रहा है कि अब भी 5 लोग लापता हैं, जिनकी तलाश लगातार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। थानाध्यक्ष ब्रजकिशोर सिंह, एसडीपीओ रामकृष्ण, एसडीएम गरिमा लोहिया और अंचलाधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार सिंह भारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर कैंप कर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी कर रहे हैं।

इसके साथ ही SDRF की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो गंगा नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। प्रशासन प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटा रहा है।

घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा है और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। प्रशासन का कहना है कि लापता लोगों की तलाश पूरी गंभीरता से की जा रही है और राहत कार्य लगातार जारी है।