Breaking News : आरा में सरेराह गोलीकांड—बाइक मैकेनिक की हत्या से इलाके में सनसनी
मृतक की पहचान चौधरीयाना मोहल्ला, वार्ड नंबर-9 निवासी 22 वर्षीय मो. अफरोज के रूप में हुई है, जो पेशे से बाइक मैकेनिक था। बताया जा रहा है कि वह दिन में पटना से बाइक के पार्ट्स खरीदकर लौटा था और रात में घर जा रहा था, तभी यह खौफनाक घटना हो गई।
घर लौटते वक्त बना निशाना
जानकारी के मुताबिक, अफरोज ट्रेन से उतरकर पश्चिम टोला के रास्ते घर जा रहा था। उसी दौरान इलाके में कुछ लोगों के बीच झगड़ा चल रहा था। इसी बीच बदमाशों ने अचानक उस पर फायरिंग कर दी। एक गोली उसके बाएं हाथ में और दूसरी पसलियों के पास लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और आनन-फानन में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस, कारण अब भी साफ नहीं
सूचना मिलते ही टाउन थानाध्यक्ष देवराज राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गोलीबारी का कारण क्या था और हमलावर कौन थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
अफरोज अपने परिवार में दूसरे नंबर पर था। घर में मां रजिया परवीन, दो बहनें और एक भाई हैं। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा है और मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है, लेकिन इस वारदात ने एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
रिपोर्टर: आकाश कुमार, आरा