दरभंगा में हैवानियत: जमीनी विवाद ने लिया खौफनाक रूप, महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास, विरोध करने पर पति-पत्नी दोनों को बेरहमी से पीटा
Darbhanga: दरभंगा जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र के बाजितपुर पंचायत में ज़मीन के विवाद ने शुक्रवार को खौफनाक मोड़ ले लिया। सुबह करीब 9 बजे एक घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध पर उसके निजी अंगों पर रॉड व ईंट से हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। हमले में महिला और उसका पति दोनों बुरी तरह घायल हो गए हैं और फिलहाल निजी अस्पताल में इलाजरत हैं।
पुराना विवाद बना खूनी टकराव का कारण
पीड़िता के परिवार के अनुसार, दिलीप कुमार महतो का अपने चचेरे भाइयों श्रवण महतो और मनोज महतो से जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सुबह इसी विवाद को लेकर कहासुनी भी हुई थी।
कुछ ही देर बाद जब दिलीप दूध लाने के लिए घर से निकले, तभी मौका देख आरोपी श्रवण और मनोज कुछ महिलाओं के साथ घर में जबरन घुस गए और महिला को खींचकर आंगन में ले आए।
निर्वस्त्र कर दुष्कर्म का प्रयास, विरोध पर निजी अंगों पर रॉड से वार
परिजनों का आरोप है कि दोनों पुरुषों ने महिला को निर्वस्त्र कर जबरन दुष्कर्म की कोशिश की। शोर मचने पर जब आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपियों ने महिला के निजी अंगों पर रॉड और ईंट से वार किया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गई।
इसी दौरान जब महिला का पति दिलीप महतो घर लौटा और बचाने की कोशिश की, तो हमलावरों ने उसके भी निजी अंग पर वार कर दिया, जिससे वह भी घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में भर्ती, हालत गंभीर
स्थानीय लोगों की मदद से पति-पत्नी दोनों को दरभंगा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
‘हमले के पीछे राजा मंडल का हाथ’-पीड़िता का आरोप
बेहोशी से होश में आने के बाद महिला ने बड़ा दावा किया है कि पूरा हमला राजा मंडल के निर्देश पर हुआ। उसने आरोप लगाया- “राजा मंडल मौके पर था… उसने ही श्रवण और मनोज को उकसाया- ‘रेप कर दो इस महिला का।’”
पुलिस को दी गई सूचना, FIR की तैयारी
घटना की जानकारी बहादुरपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष द्वारा मुख्य आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया जारी है।
रिपोर्टर: तुलसी झा, दरभंगा