पटना में ‘कैब बुकिंग’ बना जाल: ड्राइवर का अपहरण, शराब के नशे में बेरहमी से पिटाई, वीडियो हुआ वायरल

 
Bihar news: बिहार की राजधानी पटना में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए एक सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। कैब बुकिंग के बहाने बुलाए गए एक ड्राइवर का हथियार के बल पर अपहरण कर उसे बंधक बनाया गया और शराब के नशे में उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। हैरानी की बात यह है कि इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत गर्दनीबाग इलाके से हुई, जहां बदमाशों ने कैब बुक कर ड्राइवर को बुलाया। पहले से घात लगाए अपराधी काले रंग की थार गाड़ी से पहुंचे और गनपॉइंट पर ड्राइवर को अगवा कर लिया। इसके बाद उसे अगमकुआं थाना क्षेत्र के कुम्हरार इलाके में एक बंद कमरे में ले जाया गया, जहां 4-5 अपराधियों ने उसके साथ बर्बर मारपीट की।

पीड़ित की मां ने आरोप लगाया कि बेटे ने किसी तरह मोबाइल से कॉल कर घटना की जानकारी दी थी, लेकिन पुलिस को सूचना देने के बावजूद शुरुआती स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी दौरान अपराधी घंटों तक ड्राइवर को प्रताड़ित करते रहे।

बाद में रात करीब 10 बजे पीड़ित राजेंद्र नगर टर्मिनल के पास बेहोशी की हालत में मिला। परिजनों ने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित ने बताया कि कुल 4-5 लोग इस वारदात में शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि बाकी की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

इस घटना ने एक बार फिर राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और आम लोगों में डर का माहौल बना दिया है।