चुनावी सरगर्मी के बीच बवाल: चिराग के नेता अभिनव कुमार पर दबंगों का हमला, PMCH में जिंदगी और मौत की जंग
Patna Desk: पटना जिले के दानापुर से चुनावी सरगर्मी के बीच बड़ी खबर सामने आई है। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कला संस्कृति विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिनव कुमार पर गुरुवार रात दुर्गा पूजा पंडाल में जानलेवा हमला हुआ। बताया जा रहा है कि इस हमले के पीछे राजद से जुड़े दबंग नेताओं का हाथ है।
पंडाल में कहासुनी के बाद हमला
सूत्रों के मुताबिक, दानापुर के रैंबो क्लब दुर्गा पूजा पंडाल में लोजपा(रा) नेता अभिनव कुमार और राजद समर्थित उदय-उमेश गुट के बीच पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद माहौल गरमा गया। देर रात जब अभिनव कुमार पास के आमंत्रण हाल में बैठे थे, तभी विरोधी गुट के लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें बंदूक की बट से बुरी तरह पीटा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हालत नाजुक, पीएमसीएच में भर्ती
घटना के बाद उन्हें पहले स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया। डॉक्टरों ने उनकी स्थिति को नाजुक बताया है और फिलहाल इलाज जारी है।
दोनों पक्षों ने दर्ज कराई FIR
पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर ली है। दानापुर पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
चुनावी मौसम में बढ़ा तनाव
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले इस हमले ने राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। लोजपा(रा) ने साफ तौर पर राजद नेताओं पर हमले का आरोप लगाया है, जबकि राजद खेमे ने इस पर चुप्पी साध ली है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और प्रशासन सतर्क हो गया है।