कटिहार स्टेशन पर बवाल: शराब पकड़ने पहुंची टीम पर GRP का हमला, वर्दीधारियों में भिड़ंत

 
Bihar News: कटिहार रेलवे स्टेशन उस वक्त अखाड़े में बदल गया, जब दो वर्दीधारी विभाग आमने-सामने आ गए। शराब तस्करी की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची उत्पाद विभाग की टीम पर ही रेलवे जीआरपी के जवानों ने हमला कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

शराब पकड़ने पहुंचे, खुद बन गए निशाना
मिली जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि ट्रेन के जरिए स्टेशन पर शराब की खेप उतारी जाने वाली है। इसी सूचना पर टीम मौके पर पहुंची और तस्करों को पकड़ने की तैयारी में जुट गई।

लेकिन इसी दौरान वहां तैनात जीआरपी जवानों ने अचानक उत्पाद विभाग की टीम पर ही धावा बोल दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद झड़प में बदल गया।

पहले भी होती रही है कार्रवाई
उत्पाद विभाग के जवानों का कहना है कि इससे पहले भी वे कई बार स्टेशन पर कार्रवाई कर शराब की खेप जब्त कर चुके हैं। लेकिन इस बार हालात अलग हो गए, जब दूसरी वर्दीधारी टीम ने ही विरोध करते हुए हमला कर दिया।

शराबबंदी पर सवाल?
इस घटना ने एक बार फिर बिहार शराबबंदी कानून के लागू होने और उसे जमीन पर प्रभावी बनाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मामला गरम, कार्रवाई की मांग
फिलहाल यह मामला तूल पकड़ता जा रहा है और दोनों विभागों के बीच टकराव चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना होगा कि इस पूरे मामले में प्रशासन क्या कार्रवाई करता है और दोषियों पर क्या कदम उठाए जाते हैं।