छपरा: 50 हजार की घूस लेते कनीय अभियंता रंगे हाथ गिरफ्तार, निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई
Chapra: सारण जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। ताज़ा मामला पानापुर प्रखंड का है, जहां पंचायती राज विभाग में पदस्थापित कनीय अभियंता राजा करीम को ₹50 हजार की घूस लेते हुए निगरानी की टीम ने चकिया पंचायत भवन से रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
10 लाख की पेमेंट पर 5% कमीशन की मांग
जानकारी के मुताबिक, पंचायत क्षेत्र में कराए गए कार्यों के करीब ₹10 लाख के भुगतान के एवज में अभियंता द्वारा 5% कमीशन मांगा गया था। बिल पास न होने से परेशान एजेंसी ने सीधे पटना स्थित निगरानी विभाग से शिकायत की। इसके बाद टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को पकड़ने की योजना बनाई।
क्वार्टर और कागज़ात की जांच
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम अभियंता को उसके तरैया स्थित क्वार्टर पर ले गई, जहां दस्तावेज़ और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी से विस्तृत पूछताछ जारी है।
डीएसपी ने दी जानकारी
निगरानी विभाग के डीएसपी राजकुमार सिंह ने बताया कि अभियंता द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत लगातार मिल रही थी। मंगलवार को जैसे ही उसने पैसा लेने के लिए संबंधित व्यक्ति को बुलाया, टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे धर दबोचा।
सारण में तीसरी गिरफ्तारी
गौरतलब है कि पिछले चार महीनों में सारण जिले से निगरानी विभाग तीन कर्मचारियों को घूसखोरी के मामले में गिरफ्तार कर चुका है। यह कार्रवाई जिले में भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
रिपोर्ट: पंकज श्रीवास्तव, छपरा