रील्स के लिए मौत से खेल रहे बच्चे! गंडक पुल से नदी में छलांग का वीडियो वायरल, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 
Hajipur News: सोशल मीडिया पर लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स की होड़ अब बच्चों और युवाओं को खतरनाक स्टंट करने के लिए प्रेरित कर रही है। ऐसा ही एक चिंताजनक मामला हाजीपुर और सोनपुर को जोड़ने वाले पुराने गंडक पुल से सामने आया है, जहां कुछ बच्चों का जान जोखिम में डालकर नदी में छलांग लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में कई बच्चे पुराने गंडक पुल की ऊंची रेलिंग पर चढ़कर करीब 40 से 50 फीट नीचे बह रही गंडक नदी में छलांग लगाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि एक बच्चा ऊंचाई देखकर घबराता है, लेकिन उसके साथी उसे लगातार प्रोत्साहित करते हैं और वह भी नदी में कूदने की तैयारी करने लगता है। पूरे घटनाक्रम का वीडियो मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि कुछ सेकेंड की लोकप्रियता और सोशल मीडिया पर ज्यादा व्यूज पाने की चाहत बच्चों को खतरनाक रास्ते पर ले जा रही है। ऐसे स्टंट न केवल उनकी जान के लिए खतरा हैं, बल्कि अन्य बच्चों को भी इस तरह के जोखिम भरे कदम उठाने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुराने गंडक पुल के एक छोर पर वैशाली जिले की हाजीपुर नगर थाना पुलिस और दूसरे छोर पर सारण जिले की सोनपुर पुलिस की निगरानी रहती है। इसके बावजूद पुल के बीचों-बीच बच्चों द्वारा खुलेआम खतरनाक स्टंट किए जाने से पुलिस गश्त और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुल पर नियमित निगरानी और सख्ती बरती जाए तो इस तरह की घटनाओं पर आसानी से रोक लगाई जा सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि वायरल वीडियो के आधार पर बच्चों की पहचान की जाए और उनके अभिभावकों को बुलाकर जागरूक किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

गौरतलब है कि पुराना गंडक पुल पहले भी कई संवेदनशील घटनाओं का गवाह रहा है। अतीत में यहां से नदी में कूदने और आत्महत्या की कोशिशों के कई मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें एसडीआरएफ की टीम ने समय रहते लोगों को बचाया था। ऐसे में स्थानीय लोगों का मानना है कि पुल पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की जरूरत है, ताकि किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।

फिलहाल वायरल वीडियो ने बच्चों में बढ़ती सोशल मीडिया दीवानगी और सुरक्षा व्यवस्था दोनों पर गंभीर बहस छेड़ दी है। अब सबकी नजर प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हुई है।