साजिश रचकर बुलाया… और बरसा दी गोलियां! मोतिहारी गैंगवार में दो कुख्यातों का खौफनाक अंत
Motihari: बिहार के मोतिहारी जिले में गुरुवार की शाम उस समय दहशत फैल गई जब संग्रामपुर थाना क्षेत्र में वर्चस्व की लड़ाई के दौरान गोलियों की तड़तड़ाहट गूंज उठी। इस खूनी संघर्ष में दो कुख्यात अपराधियों—गुड्डू यादव और धनंजय गिरी की मौत हो गई।
कैसे भड़की लड़ाई?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, धनंजय गिरी और सनोवर खान के बीच लंबे समय से इलाके पर वर्चस्व को लेकर रंजिश चल रही थी। गुरुवार को इसी विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया।
बताया जा रहा है कि सनोवर खान ने धनंजय को फोन कर मुलाकात के बहाने बुलाया। धनंजय अपने करीबी गुड्डू यादव के साथ वहां पहुंचा, लेकिन पहले से घात लगाए बैठे सनोवर और उसके गुर्गों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी।
• गोली लगते ही गुड्डू यादव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
• गंभीर रूप से घायल धनंजय गिरी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी जान गंवा दी।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मोतिहारी एसपी स्वर्ण प्रभात ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एसडीपीओ अरेराज के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया।
रातभर डीएसपी रवि कुमार की टीम ने इलाके में लगातार छापेमारी की। पुलिस ने दावा किया है कि फरार अपराधियों की तलाश तेज़ कर दी गई है।
पहले से वांछित था सनोवर खान
जानकारी के अनुसार, मुख्य आरोपी सनोवर खान पर पहले से ही 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। वह लंबे समय से पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था और कई संगीन मामलों में वांछित है।
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी