Crime news: सुपौल में भोज से लौटे युवक का नहर किनारे मिला शव, हत्या की आशंका से मचा हड़कंप

 

Crime news: सुपौल जिले के जदिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब छातापुर–रानीपट्टी वितरणी नहर के किनारे एक युवक का शव बरामद किया गया। शव मिलने की खबर मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।

यह घटना मानगंज पश्चिम पंचायत के वार्ड संख्या एक की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही जदिया थानाध्यक्ष नंद किशोर नंदन पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया।

स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान छातापुर थाना क्षेत्र के डहरिया चकला निवासी विश्वनाथ यादव के पुत्र सौरभ कुमार यादव के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि सौरभ सोमवार रात गांव के ही बनवारी यादव के यहां भोज में शामिल हुआ था। भोज से लौटने के बाद वह घर नहीं पहुंचा और मंगलवार सुबह उसका शव नहर किनारे मिलने की सूचना मिली, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।

परिजनों ने आशंका जताई है कि सौरभ की हत्या किसी और जगह की गई और सबूत मिटाने के इरादे से शव को नहर किनारे फेंका गया। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने आवश्यक साक्ष्य जुटाए। वहीं त्रिवेणीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विभाष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच टीम को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

फिलहाल जदिया थाना पुलिस मृतक के अंतिम संपर्क, भोज में शामिल लोगों और घटना के कारणों की गहन जांच में जुटी है। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है।

रिपोटर: पीयूष कुमार सुपौल