पटना में पुलिस के हाथों से छूटा खूंखार अपराधी मिथुन, अस्पताल की ग्रिल तोड़कर हुआ फरार

 

Patna big news: राजधानी पटना के एनएमसीएच (NMCH) अस्पताल से कुख्यात और वांछित अपराधी मिथुन कुमार पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। यह घटना शनिवार देर रात की है, जिसने पटना पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, शनिवार की रात खुसरूपुर फोरलेन के पास पुलिस की अपराधियों से मुठभेड़ हुई थी। इस दौरान पुलिस ने मिथुन कुमार को पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया था। गोली लगने के बाद उसे इलाज के लिए एनएमसीएच में भर्ती कराया गया था, जहां वह पुलिस सुरक्षा में रखा गया था।

लेकिन बीती रात इलाज के दौरान मिथुन बाथरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि उसने बाथरूम के पास लगी ग्रिल तोड़ी और पाइप के सहारे नीचे उतरकर अस्पताल से फरार हो गया। घटना का पता चलते ही अस्पताल प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पटना सिटी एएसपी राजकिशोर सिंह मौके पर पहुंचे और अस्पताल प्रबंधन तथा तैनात पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। पुलिस अब अस्पताल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है और फरार अपराधी की तलाश के लिए कई विशेष टीमों को लगाया गया है।

गौरतलब है कि मिथुन कुमार हत्या सहित कई गंभीर मामलों का आरोपी है। ऐसे कुख्यात अपराधी का पुलिस कस्टडी से इस तरह फरार हो जाना, अस्पताल की सुरक्षा और पुलिस की सतर्कता पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।

फिलहाल सभी सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं और मिथुन कुमार की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।