गया में बिल्डर से अपराधियों ने मांगी 50 लाख की रंगदारी,  सिविल लाइन थाने में FIR दर्ज

 

 

Gaya News: बिहार के गया शहर में रंगदारी और अपराध का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित बिल्डर व्यवसायी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और रिवाल्वर के बल पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।  इस मामले में तेज टावर के प्रोपराइटर व पीड़ित विकास कुमार ने सोमवार को अपने कार्यालय में प्रेस वार्ता कर घटना के संबंध में पूरी जानकारी दी।

शिकायत पर सिविल लाइन थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से व्यवसायी और उनका पूरा परिवार दहशत के साये में जी रहा है। प्रेस वार्ता में सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गोडिया मठ गली निवासी विकास कुमार, पिता स्वर्गीय जवाहरलाल, गया शहर में बिल्डर के कारोबार से जुड़े हुए हैं। उन्होंने सिविल लाइन थाना में लिखित आवेदन देकर आरोप लगाया है कि अपराधी वृत्ति के अमित कुमार और उसका छोटा भाई सुमित कुमार तथा उनके साथ आए तीन-चार अन्य लोगों ने उनके कार्यालय में घुसकर हथियार के बल पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। 

इस मामले में पुलिस ने कांड संख्या 383/26 दर्ज कर लिया है। पीड़ित बिल्डर विकास कुमार ने अपने आवेदन में बताया है कि उनका बिल्डर कार्यालय धर्मसभा भवन गली स्थित सरजू परिसर में कार्यालय संचालित होता है। आरोप है कि घटना के समय वह अपने कार्यालय में बैठे हुए थे, तभी अमित कुमार, सुमित कुमार और उनके साथ आए अन्य लोग कार्यालय में पहुंचे। सभी के हाथों में रिवाल्वर और पिस्तौल जैसे हथियार थे। कार्यालय में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हथियार दिखाकर 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। पूरे वारदात का उन्होंने सीसीटीवी फुटेज भी थाने को दिया है।

बिल्डर विकास कुमार ने रंगदारी देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो उनका कार्यालय बंद करवा देंगे और इलाके में उनका उठना-बैठना भी मुश्किल कर देंगे। पीड़ित का आरोप है कि आरोपियों ने खुद को बाहुबली और प्रभावशाली लोगों से जुड़ा बताते हुए कहा कि "हमारा ऊपर तक पहुंच है, हमारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। जितनी जल्दी हो सके पैसे दे दो, नहीं तो अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहो।" बिल्डर विकास कुमार ने आवेदन में यह भी कहा है कि इस घटना के बाद वह और उनका पूरा परिवार भयभीत है। लगातार मिल रही धमकियों के कारण परिवार के सदस्य मानसिक तनाव में हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पीड़ित बिल्डर की शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कांड संख्या 383/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में सिविल लाइन थाना अध्यक्ष से पूछे जाने पर उन्होंने बताया है कि आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है, सभी अपराधियों को शीघ्र ही गिरफ्तार किया जाएगा।