म्यूटेशन के नाम पर भारी वसूली की मांग— निगरानी ने अभिषेक होटल के पास 2.5 लाख रिश्वत लेते राजस्व कर्मी को धर-दबोचा, किशनगंज में मचा हड़कंप
Bihar News: किशनगंज से भ्रष्टाचार पर निगरानी की एक और बड़ी कार्रवाई सामने आई है। नगर परिषद क्षेत्र में तैनात राजस्व कर्मचारी राजदीप पासवान को मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने 2 लाख 50 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ धर दबोचा। कार्रवाई के बाद पूरे प्रशासनिक गलियारे में हड़कंप मचा हुआ है।
सूत्रों के मुताबिक, राजदीप पासवान खगड़ा वार्ड संख्या 22 के निवासी ओवेस अंसारी से जमीन के परिमार्जन (म्यूटेशन) के बदले 2 लाख 70 हजार रुपये की भारी मांग कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने 30 नवंबर को निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई। विभाग ने शिकायत की सत्यापन प्रक्रिया शुरू की, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद निगरानी थाना कांड संख्या 103/25 दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई गई। योजना के तहत डीएसपी विनोद कुमार पांडे के नेतृत्व में टीम ने अभिषेक होटल के पास जाल बिछाया, जहां लेन-देन के दौरान राजस्व कर्मचारी को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ जारी है और निगरानी टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में निगरानी विभाग लगातार भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कस रहा है और विभिन्न जिलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।