देवघर से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो हादसे का शिकार, टायर फटने से पलटी गाड़ी; एक की मौत, पांच घायल

 
Jahanabad News: बिहार के जहानाबाद जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में देवघर से लौट रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।

घटना मखदुमपुर थाना क्षेत्र के एनएच-22 पर नेर गांव के समीप हुई। जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के बोचहा इलाके के सात युवक बाबा बैद्यनाथ धाम में पूजा-अर्चना कर बोलेरो से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान चलते वाहन का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक संतुलन खो बैठा और बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में मुजफ्फरपुर निवासी सुजीत कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं विकास, मनीष, अजीत, नीतीश समेत पांच लोग घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को वाहन से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर मखदुमपुर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए मखदुमपुर रेफरल अस्पताल भेजा।

प्राथमिक उपचार के बाद तीन गंभीर घायलों को बेहतर चिकित्सा के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो पर वीआईपी पार्टी के मुजफ्फरपुर जिला सचिव का बोर्ड भी लगा हुआ था, जिसकी चर्चा घटनास्थल पर होती रही। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और दुर्घटना से संबंधित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। श्रद्धालुओं के साथ हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।