बाढ़ के चंदा गांव में गोलियों की गूंज: कई राउंड फायरिंग में एक शख्स घायल, गांव में दहशत
इस गोलीबारी में हरेराम यादव नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पहले से तनाव चल रहा था। इसी दौरान अचानक फायरिंग शुरू हो गई। हरेराम यादव किसी काम से घर से बाहर निकले ही थे कि गोली उनकी आंख के पास जा लगी। वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
हालत नाजुक, पटना रेफर
ग्रामीणों की मदद से घायल को तुरंत बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना के बड़े अस्पताल में रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि गोली आंख के बेहद करीब लगी है, जिससे उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
पुलिस जांच में जुटी
फायरिंग की सूचना मिलते ही अथमलगोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद की असली वजह क्या थी और फायरिंग किसने शुरू की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद चंदा गांव में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों को आशंका है कि विवाद दोबारा भड़क सकता है, इसलिए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।
रिपोर्ट: कृष्णदेव, बाढ़