नालंदा में सड़क हादसे में घायल बिजली विभाग कर्मी ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

 

Nalanda News: नालंदा जिले के बिंद थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं पुलिस फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है. मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के गन्नीचक गांव निवासी 32 वर्षीय संदीप कुमार, पिता राजकरण चौहान के रूप में की गई है. परिजनों के अनुसार संदीप 27 अप्रैल को पटना जिला के दरवे भदौर थाना क्षेत्र स्थित नक्कीचक गांव से रिश्तेदार के यहां से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान बिंद थाना क्षेत्र के मसाढ़ा खंधा के पास एक अज्ञात ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी.

घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया. गंभीर रूप से घायल संदीप को स्थानीय लोगों की मदद से बिंद पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया. इसके बाद परिजनों ने संदीप को पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया.

बताया जाता है कि संदीप कुमार शेखपुरा जिले में बिजली विभाग में कार्यरत थे. उनकी शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी और उनके दो छोटे पुत्र हैं. पति की मौत के बाद पत्नी समफुला देवी का रो-रोकर बुरा हाल है. घटना के बाद परिजन शव को लेकर बिंद थाना पहुंचे. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ सदर अस्पताल भेज दिया. थानाध्यक्ष मुरली मनोहर आजाद ने बताया कि अज्ञात ट्रैक्टर चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.