गया में भीषण सड़क हादसा: ट्रक से टकराई कार, लगी आग; दो लोगों की जिंदा जलकर मौत, चालक गंभीर
Gaya Accident News: बिहार के गया जिले में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे ने सनसनी फैला दी। बोधगया थाना क्षेत्र के डोभी–पटना फोरलेन पर एक कार और ट्रक की आमने-सामने टक्कर के बाद कार में भीषण आग लग गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना सिजुआ गांव के पास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कुछ ही क्षणों में उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने आग बुझाने और कार में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के कारण दो लोगों को बाहर नहीं निकाला जा सका।
घटना की सूचना मिलते ही बोधगया थाना पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हादसे में घायल कार चालक को बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस के मुताबिक, कार में सवार सभी लोग झारखंड के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान के लिए वाहन से मिले दस्तावेजों और नंबर के आधार पर जांच की जा रही है। परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा किया जाएगा।