वैशाली में फर्नीचर दुकान में भीषण आग, 50 लाख का सामान जलकर खाक
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत इसकी सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी गई।
सूचना मिलते ही महुआ थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए पातेपुर, महुआ, जंदाहा और देसरी प्रखंड से कुल चार दमकल गाड़ियां मंगाई गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में मदद की।
दुकान के मालिक मोहम्मद नईम ने बताया कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिससे उनकी पूरी दुकान जल गई। उन्होंने कहा कि इस घटना में उन्हें करीब 50 लाख रुपये से ज्यादा का नुकसान हुआ है। पीड़ित दुकानदार ने सरकार और स्थानीय प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन आग से भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
रिपोटर: अभिषेक कुमार, वैशाली