बगहा में दिनदहाड़े गैंगवार- कुख्यात पुट्टू मिश्रा की सरेआम हत्या, बाजार में मची भगदड़

 
Bihar News: बगहा में अपराधियों ने सोमवार शाम खौफनाक वारदात को अंजाम देते हुए कुख्यात अपराधी संजीव कुमार मिश्रा उर्फ पुट्टू मिश्रा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और चहल-पहल से भरा बाजार कुछ ही पलों में सन्नाटे में बदल गया।

फुलकौल चौक पर ताबड़तोड़ फायरिंग

घटना फुलकौल चौक की है, जहां पुट्टू मिश्रा जमीन विवाद को लेकर कुछ लोगों के साथ बैठा था। इसी दौरान तीन बाइक सवार हमलावर वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। करीब दो राउंड चली गोलियों में एक गोली सीधे उसके सिर में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा।

बाजार में भगदड़, दुकानों के शटर गिरे

अचानक गोलियों की आवाज से पूरे चौक पर अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे, जबकि दुकानदारों ने तुरंत दुकानें बंद कर दीं। हमलावर हथियार लहराते हुए फरार हो गए।

अस्पताल पहुंचने से पहले मौत

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हिम्मत जुटाकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस के अनुसार पुट्टू मिश्रा पर हत्या, रंगदारी और दबंगई के कई मामले दर्ज थे। चर्चित फखरुद्दीन खान हत्याकांड में भी उसका नाम सामने आया था। वह कई बार जेल जा चुका था और इलाके में कुख्यात अपराधी के रूप में जाना जाता था।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल से खोखा बरामद किया गया है। फिलहाल पुलिस गैंगवार, पुरानी दुश्मनी, रंगदारी और जमीन विवाद—सभी एंगल से जांच कर रही है। दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस ने जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करने का दावा किया है, लेकिन फिलहाल इलाके में डर और तनाव का माहौल बना हुआ है।