हाजीपुर में स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, बैग लूटकर फरार हुए चार बदमाश; कारोबारियों में आक्रोश
Hajipur News: वैशाली जिले के जंदाहा में गुरुवार रात अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश कारोबारी का बैग लेकर मौके से फरार हो गए। घटना तिसिऔता थाना क्षेत्र में राजा चिमनी के पास, बिंदी चौक और राम सुरेश चौक के बीच की बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय कारोबारियों में भी आक्रोश है।
दुकान बंद कर घर लौट रहे थे विशाल सोनी
मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के मनियारी थाना क्षेत्र के चकएजी मनियारी निवासी विजय साह के 32 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार सोनी के रूप में हुई है। विशाल पिछले कुछ समय से जंदाहा में रहकर बिंदी चौक के पास सोने का कारोबार करते थे।
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात उन्होंने अपनी दुकान बंद की और घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार चार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग की और उनका बैग छीनकर फरार हो गए।
तीन गोलियां लगने से गई जान
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने गंभीर रूप से घायल विशाल को तत्काल जंदाहा पीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल भेजा गया है।
अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
वैशाली एसपी शुभांकर मिश्रा के मुताबिक, पुलिस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
प्रारंभिक तौर पर वारदात को लूटपाट के दौरान अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। हालांकि अपराधियों के पास कितना सामान या नकदी हाथ लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी जांच पूरी होने के बाद सामने आएगी।
परिवार में मचा कोहराम, कारोबारियों में नाराजगी
विशाल सोनी की हत्या की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम पसर गया। वहीं घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों और अन्य कारोबारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों ने अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वारदात के पीछे शामिल अपराधियों तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।