उत्तराखंड टनल हादसे में गोपालगंज के पिता-पुत्र समेत तीन मजदूर घायल, 20 वर्षीय रोहित की हालत नाजुक
Gopalganj news: उत्तराखंड के चमोली जिले के पीपलकोटी में निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे ने गोपालगंज के एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बारिश के बाद टनल में पानी भरने और मलबा धंसने की घटना में भोरे प्रखंड के कल्याणपुर कुंभी टोला निवासी अवधेश पांडेय और उनके 20 वर्षीय बेटे रोहित पांडेय समेत तीन मजदूर घायल हो गए। तीसरे घायल की पहचान दिउलिया गांव निवासी नंदलाल के रूप में हुई है।
हादसे में रोहित पांडेय की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे बेहतर इलाज के लिए ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। बेटे की गंभीर स्थिति की खबर से परिवार में मातम का माहौल है।
एक महीने पहले ही पिता के साथ काम करने गया था रोहित
परिजनों के मुताबिक, अवधेश पांडेय पहले से ही चमोली में निर्माणाधीन टनल परियोजना में मजदूरी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक मदद के लिए उन्होंने करीब एक महीने पहले ही अपने 20 वर्षीय बेटे रोहित को भी अपने पास काम करने के लिए बुलाया था।
रोहित अभी वहां काम को समझ ही रहा था कि अचानक टनल में पानी भरने और मलबा गिरने की घटना हो गई। हादसे में पिता-पुत्र दोनों इसकी चपेट में आ गए।
प्रशासन के फोन ने गांव में मचा दी हलचल
हादसे की जानकारी परिवार को प्रशासन की ओर से फोन के जरिए दी गई। सुबह जैसे ही यह खबर कल्याणपुर गांव पहुंची, पूरे इलाके में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग रोहित और अवधेश की सलामती को लेकर परेशान हैं।
रोहित शादीशुदा है और उसकी एक छोटी बेटी भी है। पति के गंभीर रूप से घायल होने की खबर सुनकर पत्नी गुंजा पांडेय का रो-रोकर बुरा हाल है। घर में मौजूद रोहित के छोटे भाई मनीष कुमार पांडेय और बहन प्रीति कुमारी भी सदमे में हैं।
बेटे-पोते की सलामती के लिए दादा-दादी कर रहे प्रार्थना
रोहित के बुजुर्ग दादा बिशुनी पांडेय और दादी हादसे की खबर के बाद से लगातार अपने बेटे और पोते की सलामती की प्रार्थना कर रहे हैं। परिवार के लिए सबसे बड़ी चिंता रोहित की गंभीर हालत को लेकर है।
मां बदहवास होकर ऋषिकेश रवाना
बेटे के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलते ही रोहित की मां भी बदहवास हालत में ग्रामीणों की मदद से ऋषिकेश के लिए रवाना हो गईं। गांव के लोग परिवार के साथ खड़े हैं और लगातार रोहित के स्वास्थ्य की जानकारी ले रहे हैं।
कल्याणपुर कुंभी टोला और दिउलिया गांव में इस हादसे के बाद से मातम पसरा है। हर किसी की नजर अब ऋषिकेश एम्स में भर्ती रोहित की हालत पर टिकी है और ग्रामीण उसके जल्द स्वस्थ होने की दुआ कर रहे हैं।