नेपाल ट्रिप से लौटते ही फंसे ‘गुरुजी’! शराब के नशे में 5 शिक्षक बॉर्डर पर गिरफ्तार, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

स्कूली बच्चों के साथ परिभ्रमण पर गए थे शिक्षक, भीमनगर चेकपोस्ट पर ब्रेथ एनालाइजर में खुली पोल
 
Bihar News: बिहार में शराबबंदी कानून के बीच एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्कूली बच्चों के साथ शैक्षणिक परिभ्रमण पर नेपाल गए पांच शिक्षक शराब के नशे में धुत पाए गए और बॉर्डर पर ही गिरफ्तार कर लिए गए। इस घटना ने शिक्षा विभाग की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह कार्रवाई इंडो-नेपाल बॉर्डर पर स्थित भीमनगर चेकपोस्ट पर मद्य निषेध विभाग की टीम ने नियमित जांच के दौरान की।

जांच में खुली सच्चाई

मद्य निषेध विभाग की टीम जब चेकिंग कर रही थी, तभी नेपाल से लौट रहे पांच लोगों के व्यवहार में असामान्यता दिखी। संदेह के आधार पर जब उनकी ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई, तो सभी के शराब सेवन की पुष्टि हो गई।

गिरफ्तार सभी आरोपी मधेपुरा जिले के सरकारी विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक बताए जा रहे हैं।

‘बिहार दर्शन योजना’ के तहत गए थे नेपाल

जानकारी के मुताबिक, ये शिक्षक मुख्यमंत्री बिहार दर्शन योजना के तहत छात्रों को शैक्षणिक भ्रमण पर नेपाल लेकर गए थे। आरोप है कि इसी दौरान उन्होंने शराब का सेवन किया और वापसी के वक्त पकड़े गए।

कानूनी कार्रवाई शुरू

मद्य निषेध विभाग के इंस्पेक्टर संजय प्रियदर्शी ने बताया कि बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और इसका उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाती है।

सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

शिक्षा महकमे में मचा बवाल

इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिन शिक्षकों पर बच्चों का भविष्य बनाने की जिम्मेदारी है, उनका ऐसा आचरण बेहद चिंताजनक है।

प्रशासन का रुख सख्त

सुपौल के डीएम सावन कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मधेपुरा प्रशासन को दे दी गई है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

रिपोटर: पियूष राज, सुपौल