वैशाली में दिल दहला देने वाली वारदात: शराबियों का विरोध करना पड़ा भारी, बुजुर्ग महिला की गला रेतकर हत्या

 
Vaishali crime news: जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत जुड़ावनपुर थाना क्षेत्र में एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। घर के अंदर खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना राघोपुर पूर्वी पंचायत के वार्ड नंबर 12 की है, जहां दाजो देवी नामक महिला अकेली रहती थीं।

घर में मिला खून से सना हंसुआ

सूचना मिलते ही Bihar Police की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से खून से सना धारदार हंसुआ बरामद किया है। कमरे में एक कटोरे में चिकन और अन्य सामान भी मिला, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। कागजी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया।

“शराबियों का विरोध करती थीं मां”

मृतका के पुत्र सुनील राय, जो रांची में रहते हैं, ने आरोप लगाया कि घर के पास शराबियों का अड्डा लगता था और उनकी मां इसका लगातार विरोध करती थीं। उनका कहना है कि इसी रंजिश में हत्या की गई।
उन्होंने बताया कि शनिवार शाम तक मां से फोन पर बात हुई थी, लेकिन बाद में मोबाइल बंद हो गया। पड़ोसियों से जानकारी मिली तो घटना का पता चला।

अकेले रहती थीं बुजुर्ग महिला

परिजनों के मुताबिक, दाजो देवी अपने घर में अकेली रहती थीं। आसपास असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता था, जिससे वह परेशान थीं। ग्रामीणों में भी घटना को लेकर आक्रोश है।

पुलिस ने शुरू की जांच

जुड़ावनपुर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार ओझा ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर आपसी रंजिश और शराबियों की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। दोषियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

गांव में मातम पसरा है और लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर एक बुजुर्ग महिला की सुरक्षा क्यों सुनिश्चित नहीं हो सकी