मोतिहारी में हाई वोल्टेज ड्रामा: जियो टावर पर चढ़ी युवती, घंटों मशक्कत के बाद पुलिस ने बचाई जान

 
Motihari: पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। घटना चिरैया थाना क्षेत्र के बैद्यनाथपुर चौक की है, जहां युवती को टावर पर चढ़ा देख बाजार में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जुट गई और घंटों तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा।

जानकारी के मुताबिक टावर पर चढ़ी युवती की पहचान बहुअरवा गांव निवासी आलम देवान की 19 वर्षीय पुत्री शबनम खातून के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शबनम पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव और अस्वस्थता से जूझ रही थी। मंगलवार को वह बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। कुछ देर बाद स्थानीय लोगों ने परिवार को सूचना दी कि एक युवती जियो कंपनी के मोबाइल टावर पर चढ़ गई है।

सूचना मिलते ही परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। युवती की मां और परिवार के अन्य सदस्य हाथ जोड़कर उसे नीचे उतरने की गुहार लगाते रहे। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही चिरैया थानाध्यक्ष महेश Kumar पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया।

पुलिस और ग्रामीण लगातार युवती को समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह टावर के बीच हिस्से में बैठी रही और किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी। तेज धूप और गर्म हवाओं के बीच करीब कई घंटों तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा। आखिरकार पुलिस, परिजनों और स्थानीय लोगों की समझाइश रंग लाई और युवती सुरक्षित नीचे उतर आई।

युवती के नीचे उतरते ही मौके पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। घटना के दौरान बैद्यनाथपुर चौक पर लंबे समय तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में लोग तमाशबीन बने रहे। पुलिस ने युवती को सुरक्षित उसके परिजनों के हवाले कर दिया है।

रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी