पटना-बख्तियारपुर हाईवे पर भीषण हादसा, कांवड़ियों से भरी बस क्रेन से टकराई; दो की मौत
Bihar, Patna: राजधानी पटना के बख्तियारपुर-पटना हाईवे पर गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कांवड़ियों से भरी बस की क्रेन से जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो कांवड़ियों की मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना खुसरूपुर और फतुहा थाना क्षेत्र की सीमा पर पंगत होटल के पास हुई। बताया जा रहा है कि कांवड़ियों को लेकर जा रही बस की क्रेन से टक्कर के बाद एक कांवड़िया की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल कांवड़िया को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी।
पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के साथ आए अन्य कांवड़ियों में मातम पसर गया।