अररिया में खौफनाक डबल मर्डर: बीच सड़क सिर काटकर हत्या, फिर भीड़ ने आरोपी को पीट-पीटकर मार डाला

 

Bihar news: बिहार के अररिया जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते दोहरी हत्या का रूप ले लिया। दिनदहाड़े सड़क पर एक युवक का सिर धड़ से अलग कर दिया गया, और कुछ ही देर बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी को पकड़कर मौत के घाट उतार दिया।

घटना फारबिसगंज के सुभाष चौक स्थित मार्केटिंग यार्ड के पास गुरुवार सुबह करीब 10 बजे की है। जानकारी के मुताबिक, सत्तू बेचने वाले ठेला चालक और पिकअप ड्राइवर के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो अचानक हिंसक झड़प में बदल गई। इसी दौरान आरोपी ने धारदार हथियार से हमला कर 42 वर्षीय अली हुसैन का सिर धड़ से अलग कर दिया। मृतक जोगबनी थाना क्षेत्र के अमोना गांव का निवासी बताया जा रहा है।

सड़क पर पसरा खौफ, सन्न रह गए लोग

वारदात के बाद सड़क पर खून से लथपथ सिर और धड़ पड़े रहे, जिसे देख मौके पर मौजूद लोग सिहर उठे। देखते ही देखते इलाके में सनसनी फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

भीड़ का फूटा गुस्सा, आरोपी की पीट-पीटकर हत्या

घटना के बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। सूचना मिली कि वह पास के एक घर में छिपा है। भीड़ ने उसे बाहर खींच लिया और लात-घूंसों व डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। मृत आरोपी की पहचान 30 वर्षीय रवि चौहान के रूप में हुई है, जो सुल्तान पोखर का रहने वाला था।

इलाके में तनाव, पुलिस अलर्ट

डबल मर्डर की इस वारदात के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। आक्रोशित लोगों ने सड़क पर हंगामा और तोड़फोड़ भी की। सूचना मिलते ही एसपी जितेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। पुलिस पूरे इलाके में नजर बनाए हुए है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश में जुटी है।

यह घटना एक बार फिर कानून-व्यवस्था और भीड़ हिंसा पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है, जहां एक झगड़ा कुछ ही मिनटों में दो जिंदगियां निगल गया।

रिपोर्ट: पियूष राज, सुपौल/अररिया