गयाजी में खौफनाक वारदात: फौजी के घर में डकैती, नकाबपोश बदमाशों ने घर में बोला धावा

 

Gaya News: बिहार के गया जिले के पंचानपुर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। उसरी गांव में 10 से 12 की संख्या में नकाबपोश बदमाश एक फौजी के घर में घुस गए और वृद्ध दंपति को बंधक बनाकर जमकर उत्पात मचाया। विरोध करने पर अपराधियों ने वृद्ध महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की, गला दबाने का प्रयास किया और घर में रखे कीमती सामान लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 10 से 12 नकाबपोश अपराधी चोरी की नीयत से घर में घुसे। आहट मिलने पर घर में सो रही वृद्ध महिला की नींद खुल गई। महिला ने शोर मचाया और बदमाशों को पहचान लेने की बात कही। इससे बौखलाए अपराधियों ने महिला पर हमला कर दिया। उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई, गला दबाने का प्रयास किया गया और हाथ पर गंभीर चोट पहुंचाई गई। इसके बाद महिला को कमरे में बंद कर दिया गया। वहीं घर में मौजूद वृद्ध को भी बंधक बनाकर रखा गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधियों ने घर में रखे कीमती सामान समेटे और फरार हो गए। किसी तरह कमरे से बाहर निकलने के बाद घायल वृद्ध दंपति पड़ोस में रहने वाले परिजनों के घर पहुंचे, तब घटना की जानकारी गांव वालों को मिली।

सूचना मिलने पर गया शहर में रह रहे दंपति के पुत्र मौके पर पहुंचे और घायल महिला को अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एएनएमएमसीएच) रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार महिला के हाथ में फ्रैक्चर है तथा गले पर दबाव के निशान मिले हैं।

पीड़िता के पुत्र ने बताया कि उनकी मां के अनुसार सभी अपराधी नकाबपोश थे। विरोध करने और पहचान उजागर होने की आशंका में बदमाशों ने बर्बर तरीके से हमला किया। परिजनों का यह भी आरोप है कि महिला के निजी अंगों पर भी गंभीर चोट पहुंचाई गई है। पुलिस इन आरोपों की भी जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सुशांत कुमार चंचल और पंचानपुर थानाध्यक्ष पद्माकर उपाध्याय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम और श्वान दस्ता को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी में जुटी है।

इस सनसनीखेज वारदात के बाद उसरी गांव सहित पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं इस मामले पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान में जुट गई है।