गया में भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने भिड़ीं दो बाइक, दो युवकों की मौके पर मौत- आक्रोश में सड़क जाम

 
Gaya News: गया जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने दो घरों की खुशियां छीन लीं। गया–पंचानपुर मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे केवाली गांव के पास बीपी आजाद बीएड कॉलेज के नजदीक दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान चंदौती थाना क्षेत्र के धरमपुर गांव निवासी 22 वर्षीय अक्षय कुमार उर्फ कारू और पंचानपुर थाना क्षेत्र के बेलमा गांव निवासी 25 वर्षीय सुभाष कुमार के रूप में हुई है। दोनों युवक शादीशुदा थे और अपने परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। परिजन प्रशासन से मुआवजे और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।

सूचना मिलने पर चंदौती थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही को माना जा रहा है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की गहराई से जांच जारी है।

यह हादसा एक बार फिर सड़क पर सावधानी और यातायात नियमों के पालन की अहमियत को उजागर करता है एक छोटी सी चूक, जिंदगी भर का दर्द बन जाती है।