पटना मरीन ड्राइव पर खौफनाक मंजर: PMCH के सामने धूं-धूं कर जली कार, मची भगदड़
Patna: राजधानी के सबसे व्यस्त और चर्चित गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर शुक्रवार को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पीएमसीएच अस्पताल के ठीक सामने सड़क किनारे खड़ी एक लग्जरी कार में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार से पहले हल्का धुआं निकला और महज कुछ ही सेकंडों में आग की भीषण लपटों ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। बीच सड़क पर कार को आग का गोला बनते देख वहां गुजर रहे लोगों और राहगीरों के बीच हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
मौके पर जुटी भीड़, दमकल ने पाया काबू
धमाके की आशंका और उठती ऊंची लपटों को देख आसपास लोगों का जमावड़ा लग गया। घटना की खबर तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन दस्ता बिना वक्त गंवाए मौके पर पहुंचा। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला और कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर पूरी तरह काबू पा लिया।
बड़ा हादसा टला
गनीमत यह रही कि जिस वक्त कार में आग भड़की, उस समय उसमें कोई मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ा जानलेवा हादसा होने से बच गया। पुलिस और दमकल विभाग अब यह जांच कर रहे हैं कि गाड़ी में यह शार्ट सर्किट के कारण हुआ या इसके पीछे कोई अन्य तकनीकी खराबी थी।