मोतिहारी में मानवता शर्मसार: वृद्ध महिला पर डायन का आरोप, मारपीट कर मैला फेंका
Motihari News: पूर्वी चंपारण जिले से एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अंधविश्वास ने इंसानियत को शर्मसार कर दिया। भोपटपुर थाना क्षेत्र में एक वृद्ध महिला पर डायन होने का आरोप लगाकर पहले बेरहमी से पिटाई की गई और फिर उसके शरीर पर मैला फेंक दिया गया।
अस्पताल में भी नहीं मिला इलाज
मारपीट में गंभीर रूप से घायल वृद्ध महिला जब इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंची, तो आरोप है कि शरीर पर मैला लगा होने के कारण उसका इलाज नहीं किया गया। मजबूरी में पीड़िता को एक निजी अस्पताल में इलाज कराना पड़ा। महिला का कहना है कि मारपीट के दौरान उसका एक दांत भी टूट गया।
थाने में भी नहीं सुनी गई फरियाद
पीड़िता ने बताया कि घटना के बाद जब वह थाने पहुंची और शिकायत दर्ज करानी चाही, तो वहां भी उसकी बात नहीं सुनी गई और आवेदन तक नहीं लिया गया। इससे आहत होकर वह पुलिस अधीक्षक के जनता दरबार में पहुंची और पूरी आपबीती सुनाई।
एसपी के हस्तक्षेप के बाद कार्रवाई
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने तत्काल संबंधित थानाध्यक्ष को प्राथमिकी दर्ज करने और आरोपी की गिरफ्तारी का निर्देश दिया है। एसपी ने बताया कि जनता दरबार में आई वृद्ध महिला ने डायन बताकर मारपीट किए जाने की शिकायत की थी, जिस पर तुरंत कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।
बेटे की मौत का लगाया आरोप
पीड़िता के अनुसार, गांव के ही शंकर साह के बेटे की गुजरात में मौत हो गई थी। इसी घटना के बाद आरोपी ने महिला पर डायन होने का आरोप लगाते हुए कहा कि उसी ने उसके बेटे की जान ली है। इसी अंधविश्वास के चलते महिला के साथ यह अमानवीय व्यवहार किया गया।
अब इंसाफ की उम्मीद
इस घटना ने एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं कि आज भी समाज में अंधविश्वास किस हद तक लोगों की सोच पर हावी है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद पीड़िता को इंसाफ की उम्मीद बंधी है।
रिपोर्ट: प्रशांत कुमार, मोतिहारी