पति निकला पक्षपाती तो पत्नी ने एक्शन सीन में करदी धुनाई, D.M. ऑफिस बना घरेलू अखाड़ा… 

 
Jahanabad: जहानाबाद के डीएम कार्यालय परिसर में सोमवार को एक अजीबोगरीब और शर्मनाक दृश्य देखने को मिला, जब एक महिला ने सबके सामने अपने पति की जमकर पिटाई कर दी। यह पूरा मामला ज़मीन से जुड़े पारिवारिक विवाद का था, जिसने देखते ही देखते पूरे परिसर को हंगामे का केंद्र बना दिया।

जानकारी के अनुसार, नगर थाना क्षेत्र के टेनी बिगहा गांव से एक परिवार डीएम कार्यालय के भू-अर्जन विभाग पहुंचा था। जमीन बंटवारे को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद में शामिल इस परिवार में महिला, उसका पति, बेटा और बहू शामिल थे। इसी दौरान महिला ने अपने पति पर आरोप लगाया कि वह धीरे-धीरे सारी जमीन एक बेटे और उसकी बहू के नाम कर रहा है, जबकि दूसरे बेटे को पूरी तरह नजरअंदाज किया जा रहा है।

महिला ने कहा कि उसका पति पक्षपात कर रहा है, जिससे परिवार में तनाव बढ़ता जा रहा है। इसी बात से गुस्साई महिला ने कार्यालय परिसर में ही अपने पति पर हमला बोल दिया और सरेआम उसकी पिटाई शुरू कर दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब यह पूरा घटनाक्रम हो रहा था, तब कार्यालय में मौजूद कर्मचारी तमाशबीन बने खड़े रहे। किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की, जबकि कुछ लोग इस मारपीट का वीडियो भी बनाते रहे। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद डीएम कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रशासन की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

जमीन का बंटवारा बना झगड़े की जड़

महिला का आरोप है कि उसका पति दोनों बेटों के साथ भेदभाव कर रहा है और जानबूझकर एक पक्ष को ज़मीन से वंचित रखने की कोशिश कर रहा है। इसी विवाद ने एक सुसज्जित सरकारी परिसर को घरेलू लड़ाई का अखाड़ा बना दिया।