जहानाबाद में हिंसक प्रदर्शन पर IG विकास वैभव का बड़ा बयान, बोले- उपद्रवियों पर होगी सख्त कार्रवाई; 15 गिरफ्तार
Bihar news: छात्रों के प्रदर्शन के दौरान गुरुवार को हुई हिंसा और कथित हवाई फायरिंग की घटना के बाद शुक्रवार को मगध रेंज के आईजी विकास वैभव ने जहानाबाद पहुंचकर जिले की कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने हिंसक प्रदर्शन को लेकर पुलिस की कार्रवाई और आगे की रणनीति पर जानकारी दी।
आईजी विकास वैभव के मुताबिक, छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने भीड़ को उकसाया, जिसके बाद स्थिति बिगड़ गई और पथराव व उपद्रव शुरू हो गया। पथराव की घटना में कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की बात भी सामने आई है। इनमें टाउन इंस्पेक्टर और एसडीओ/एसडीपीओ स्तर के अधिकारी भी शामिल बताए गए हैं।
आत्मरक्षा में पुलिस ने की हवाई फायरिंग
आईजी ने बताया कि जब स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी तो पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए रक्षात्मक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि पुलिस को आत्मरक्षा में हवाई फायरिंग करनी पड़ी। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के बाद हालात पर काबू पा लिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए अब तक 15 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, कई अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
‘प्रदर्शन का अधिकार है, हिंसा की इजाजत नहीं’
विकास वैभव ने कहा कि छात्रों को अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है, लेकिन प्रदर्शन की आड़ में हिंसा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि हिंसा में शामिल हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
संभावित बिहार बंद को लेकर पुलिस अलर्ट
संभावित बिहार बंद और आने वाले दिनों में प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है। पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जवानों को सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी करने और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से छात्र संगठनों से संवाद बनाए रखने और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने की अपील की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल जहानाबाद में स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है। पुलिस हर गतिविधि पर नजर रख रही है।
प्रशासन ने आम लोगों और छात्रों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, कानून अपने हाथ में न लें और जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।