बिहार के बगहा में फिल्म 'दृश्यम' जैसा कांड, बेटे को बचाने के लिए पिता ने बहू की लाश को गड्ढा खोदकर छिपाया
Bihar crime news: बिहार के पश्चिम चंपारण के बगहा में फिल्म 'दृश्यम' जैसा कांड हुआ। यहां चौतरवा थाना क्षेत्र की सिसवा बसंतपुर पंचायत के बसंतपुर निवासी पिता मो. आलम ने पुत्र मो. शाहिद को बचाने के लिए हिन्दी फिल्म 'दृश्यम' स्टाइल में बहू की लाश छिपा दी। पुलिसिया जांच व दबिश के बाद पिता की निशानदेही पर लाश बरामद कर लिया गया। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ मानवेन्द्र मिश्र की कोर्ट में मामले में स्पीडी ट्रायल शुरू किया गया है। अपर लोक अभियोजक जितेन्द्र भारती ने बताया कि चौतरवा थाना कांड संख्या में 156/24 में शीघ्र ही फैसला आ सकता है।
उन्होंने बताया कि झारखंड के धनबाद के जोरापोखर की नजमा खातून ने अपनी बेटी रोजी प्रवीन की हत्या की एफआईआर दर्ज करायी थी। इसमें उसने अपने दामाद मो शाहिद, समधी मो आलम व समधन को आरोपित किया था। उसने दहेज के लिए पुत्री की हत्या का आरोप लगाया था। पुलिसिया दबिश पड़ी तो मां ने बेटे से पूछा कि बहू कहां है? पुत्र ने मां की बजाय पिता को बताया कि उसकी हत्या कर खेत में गड्ढ़ा खोद शव को दबा दिया है।
बस क्या था पिता ने सोचा कि बेटा कहीं पुलिस की मार से टूट कर सब बता न दें, इसलिए उसने रात को बहू का शव गड्ढ़ा खोदकर निकाला। उसे दूसरे पॉलिथीन में डालकर गन्ने के खेत में गड्ढ़ा खोदकर छिपा दिया। ताकि बेटा अगर बता भी दें तो पुलिस को लाश नहीं मिलेगी और वह बच जाएगा। हालांकि बाद में पुलिसिया जांच के दौरान पिता शक के घेरे में आ गये। जिसके बाद पुलिस ने पिता से पूछताछ शुरु की जिसके बाद लाश की बरामदगी हुयी।
पिता की चालाकी भी बेटे को बचाने में काम नहीं आई। गड्ढ़ा खोदकर लाश को पिता ने निकाला। दूसरे प्लास्टिक में उसे पैक किया, लेकिन पैकिंग गड़बड़ा गई। बोरे के बाहर पैर निकल गया। घड़ी समेत दूसरी सामग्री से शव की पहचान की गई। अपर लोक अभियोजय श्री भारती ने बताया कि इस मामले को निष्पादित करने के लिए कोर्ट की तरफ से स्पीडी ट्रायल शुरु कर दिया गया है। इधर कांड के अनुसंधानक ने भी न्यायालय को साक्ष्य को सौंप दिया है ताकि जल्द निपटारा हाे सके।
दरअसल, केस की आईओ ज्योति पूंज ने कोर्ट में घटनास्थल से जब्त की गयी वस्तुओं को कोर्ट में जमा करा दिया। एफएसएल टीम की जांच रिपोर्ट को भी कोर्ट में जमा कर दिया। पुलिस के जांच में अभियुक्त के घर के दीवार व जमीन पर खून के छींटे मिले थे। पुलिस ने पूछताछ की तो शाहिद ने बताया कि बकरीद में कुर्बानी में बकरे के खून के छींटे दीवार पर पड़ गये हैं। वहीं से खून लगा कुदाल भी बरामद हुआ था।