खान सर केस में बढ़ा सस्पेंस: न सरेंडर, न बेल अर्जी; अब सोमवार पर टिकी सबकी नजर

 
Khan Sir News: चर्चित कोचिंग गोलीकांड मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के संस्थापक फैजल खान उर्फ खान सर को लेकर शनिवार को दिनभर पटना सिविल कोर्ट परिसर में हलचल बनी रही। सरेंडर और अग्रिम जमानत को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच बड़ी संख्या में लोग और मीडिया कर्मी कोर्ट परिसर में मौजूद रहे, लेकिन दिनभर के इंतजार के बाद न तो खान सर ने आत्मसमर्पण किया और न ही उनकी ओर से कोई अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पूरे दिन कानूनी और राजनीतिक गलियारों में अटकलों का दौर चलता रहा, लेकिन शाम तक स्थिति स्पष्ट हो गई कि फिलहाल खान सर की ओर से कोई औपचारिक कानूनी कदम नहीं उठाया गया है।

खान सर के अधिवक्ता अरविंद कुमार महुआरी ने बताया कि शनिवार को अग्रिम जमानत याचिका दाखिल करने का समय समाप्त हो चुका था। इसलिए कानूनी टीम ने पूरी तैयारी के साथ सोमवार को अदालत में अग्रिम जमानत की अर्जी दाखिल करने का फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि खान सर को न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है और उन्हें अदालत से न्याय मिलने की उम्मीद है।

वहीं पुलिस भी फिलहाल सतर्क रुख अपनाए हुए है। सूत्रों के अनुसार, प्रशासन ने जल्दबाजी से बचते हुए सोमवार तक कानूनी प्रक्रिया का इंतजार करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों का मानना है कि मामले की संवेदनशीलता और खान सर की लोकप्रियता को देखते हुए हर कदम कानून के दायरे में और सावधानीपूर्वक उठाया जाएगा।

गौरतलब है कि 2 जून की रात मूसलपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज परिसर में कथित तौर पर 15 से 20 लोगों द्वारा हमला किए जाने का आरोप लगा था। इस दौरान तोड़फोड़ और मारपीट की घटना सामने आई थी। इसी बीच दो निजी सुरक्षा गार्डों द्वारा हवाई फायरिंग किए जाने का वीडियो वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों गार्डों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

जांच के दौरान कदमकुआं थाना पुलिस ने खान सर के खिलाफ भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। पुलिस का दावा है कि सुरक्षा कर्मियों ने उनके निर्देश पर फायरिंग की थी। हालांकि खान सर और उनकी कानूनी टीम इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे आत्मरक्षा का मामला बता रही है।

अब इस हाई-प्रोफाइल मामले में सबकी निगाहें सोमवार पर टिकी हैं, जब अदालत में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल होने की संभावना है। इससे तय होगा कि खान सर को कानूनी राहत मिलती है या मामले की दिशा किसी नए मोड़ की ओर बढ़ती है।