दरभंगा में करंट से मासूम की मौत, विकलांग माता-पिता पर टूटा ग़मों का पहाड़
Darbhanga: जिले के आज़मनगर स्थित दुर्गा मंदिर के पास गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। करंट लगने से लगभग 8-9 साल का एक मासूम बच्चा जिंदगी की जंग हार गया। इस घटना ने पूरे इलाके को गहरे सदमे में डाल दिया है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृत बच्चा अपने विकलांग माता-पिता श्याम महतो और उनकी पत्नी का एकमात्र सहारा था। अब इस हादसे ने माता-पिता को पूरी तरह असहाय कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बच्चा बिजली के तार के संपर्क में आ गया, जिससे उसे जोरदार करंट लगा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसा पूजा पंडाल के पास हुआ, हालांकि बिजली के तार में करंट कैसे आया, इसकी जांच की जा रही है।
वार्ड पार्षद ने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वे बच्चे को बचपन से जानते थे। उन्होंने पीड़ित परिवार के लिए सरकारी मदद की मांग की।
घटना की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और सुरक्षा इंतज़ाम कड़े करने की मांग की है। फिलहाल प्रशासन की ओर से किसी तरह का आधिकारिक आश्वासन नहीं दिया गया है।