वैशाली में जमीन विवाद ने लिया खूनी रूप, महिला को मारी गोली; कई घायल, आरोपियों की तलाश में पुलिस

 
Bihar news: जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मझौली गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक संघर्ष का मामला सामने आया है। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष की महिला को गोली मार दी गई, जबकि मारपीट में कई अन्य लोग भी घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, गोली लगने से घायल महिला की पहचान 55 वर्षीय गीता देवी के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं मारपीट की घटना में गनौर चौधरी और निभा देवी भी घायल हुए हैं।

परिजनों का आरोप है कि पुराने भूमि विवाद को लेकर विरोधी पक्ष ने पहले से योजना बनाकर बाहरी लोगों को बुलाया था। आरोप है कि सुबह के समय दर्जनभर लोग घर पर पहुंचे और अचानक हमला कर दिया। इसी दौरान विवाद बढ़ने पर फायरिंग की गई, जिसमें गीता देवी गोली लगने से घायल हो गईं।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार भी अस्पताल पहुंचे और पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला भूमि विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। गोलीबारी और मारपीट की घटना को लेकर पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

फिलहाल गांव में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहा है।