मोतिहारी में इलाज के इंतज़ार में बुझ गई ज़िंदगी, मौत के बाद अस्पताल में हंगामा, डॉक्टरों पर लगा बड़ा आरोप– ‘पैसे नहीं दिए तो रोक दी सांसें’
Motihari: मोतिहारी शहर में एक बार फिर डॉक्टरों और मरीज परिजनों के बीच टकराव का मामला सामने आया है। शुक्रवार को शहर के सनराइज हॉस्पिटल में एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में जमकर तोड़फोड़ की। इस दौरान लाखों रुपये के सामानों को नुकसान पहुंचा।
परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान पैसे की मांग की गई और भुगतान न करने पर मरीज का ऑक्सीजन सपोर्ट हटा दिया गया, जिससे मौत हो गई।
डॉक्टरों का सफाई पक्ष
इसी मामले पर सनराइज हॉस्पिटल के डॉक्टर राजू कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने बताया कि मृतक मरीज को एक हफ्ते पहले सड़क हादसे में गंभीर चोट लगी थी और सदर अस्पताल से हायर सेंटर रेफर किया गया था।
“परिजनों के दबाव पर मरीज को हमने भर्ती किया, जबकि यह पूरी तरह से क्रिटिकल केस था। मरीज को ब्रेन हेमरेज था और बचने की संभावना बेहद कम थी। इसके बावजूद हमारी टीम ने हरसंभव प्रयास किया। मौत स्वाभाविक कारणों से हुई, पैसे की मांग या ऑक्सीजन निकालने का आरोप पूरी तरह झूठा है,” – डॉक्टर राजू कुमार ने कहा।
डॉक्टरों ने जताई चिंता
डॉक्टरों का कहना है कि ऐसे मामलों की वजह से चिकित्सक लगातार दबाव और भय में काम करने को मजबूर हो रहे हैं। मोतिहारी नीमा (Indian Medical Association) के अध्यक्ष डॉक्टर खबीर ने कहा, “अगर हालात ऐसे ही बने रहे तो डॉक्टर इमरजेंसी सेवाएं बंद करने पर मजबूर हो जाएंगे। हम प्रशासन से सुरक्षा की गारंटी चाहते हैं, वरना डॉक्टर खुले मन से इलाज नहीं कर पाएंगे।”
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर डॉक्टर-मरीज विवाद को सुर्खियों में ला दिया है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
प्रशांत कुमार, मोतिहारी से रिपोर्ट