बख्तियारपुर में शराब तस्करी का भंडाफोड़, ट्रक और कार से 907 लीटर विदेशी शराब बरामद; 5 गिरफ्तार

 

Bihar news: बिहार के बख्तियारपुर में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 907.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि अंधेरे का फायदा उठाकर एक अन्य आरोपी फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

NH-31 पर ट्रक से कार में उतारी जा रही थी शराब

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर की शाम गश्ती के दौरान पुलिस पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि NH-31 पर कल्याण बिगहा मोड़ से पश्चिम की ओर एक ट्रक से विदेशी शराब निकालकर कार में रखी जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।

इसके बाद बख्तियारपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और छापेमारी शुरू कर दी।

ट्रक और इंडिगो कार से मिली शराब

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक ट्रक और एक इंडिगो कार को कब्जे में लिया। दोनों वाहनों से कुल 907.2 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया।

पांच आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक कुमार निवासी गाजीपुर, उत्तर प्रदेश, जबकि सतीश प्रसाद, सुधीर कुमार, दिनेश प्रसाद और राकेश प्रसाद, सभी निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।

मद्यनिषेध कानून के तहत केस दर्ज

मामले में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।