पटना में बड़ा हादसा: Orchid Business College में भीषण आग, लैब खाक- 25 लोग फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन में बची जान
मौके पर मची अफरा-तफरी, दमकल की टीम सक्रिय
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश करते नजर आए। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया गया।
20-25 लोग फंसे, समय रहते रेस्क्यू
जब दमकल टीम मौके पर पहुंची, तब कॉलेज की ऊपरी मंजिल पर करीब 20 से 25 लोग फंसे हुए थे। राहत की बात यह रही कि सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
लैब में लगी आग, लाखों का नुकसान
बताया जा रहा है कि G+2 इमारत के ऊपरी फ्लोर पर स्थित लैब में आग लगी थी। आग की चपेट में आने से लैब में रखे कंप्यूटर, टेबल-कुर्सियां और अन्य डिजिटल उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो गए। इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
शॉर्ट सर्किट बना वजह
अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। अनुमंडल पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार ने बताया कि करीब 2:15 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
पहले भी जारी हुआ था नोटिस
जानकारी के मुताबिक, कॉलेज को पहले भी फायर सेफ्टी उपकरणों को लेकर नोटिस दिया गया था, लेकिन जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे। अब एक बार फिर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।